सोमवार, 29 सितंबर 2025

मुख्यमंत्री योगी ने नगर निकायों में नवाचार और आय सृजन पर दिया जोर!!

शेयर करें:


मुख्यमंत्री योगी ने नगर निकायों में नवाचार और आय सृजन पर दिया जोर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: लखनऊ, 29 सितम्बर: विकसित यूपी@2047 संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के नगर निकायों के अध्यक्षों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपने नगरों में हुए बदलाव और विकास की कहानियाँ साझा कीं। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से पूछा कि उन्होंने अपने नगरों में कौन से नवाचार अपनाए और आय सृजन के नए माध्यम खोजे। उन्होंने कहा कि यही प्रयास भविष्य के आत्मनिर्भर और आधुनिक उत्तर प्रदेश की नींव रखेंगे।

अयोध्या के महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि कर-करेत्तर आय में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है और निगम लाखों श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या को सोलर सिटी बनाने और अन्य नगर निकायों के लिए मार्गदर्शन मॉडल तैयार करने का सुझाव दिया।

फिरोजाबाद की महापौर कामिनी राठौर ने नगर निगम की आय 18 करोड़ से बढ़ाकर 40 करोड़ वार्षिक होने और नए मॉल के निर्माण की जानकारी दी। झांसी के महापौर बिहारी लाल आर्य ने बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट, डिफेंस कॉरिडोर नोड और एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट के साथ निगम की आय तीन वर्षों में 25 करोड़ से बढ़कर 80 करोड़ होने की सफलता साझा की।

मीरजापुर, देवरिया, सुल्तानपुर, मेरठ, मथुरा और शाहजहाँपुर के नगर निकायों ने भी स्थानीय विकास, डिजिटल सेवाएँ, मुफ्त वाई-फाई, मल्टीलेवल पार्किंग और नए मार्केट निर्माण जैसी योजनाओं का विवरण दिया। मुख्यमंत्री ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए सभी नगर निकायों को नवाचार और तकनीक आधारित योजनाएँ अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित यूपी@2047 अभियान का उद्देश्य हर नगर निकाय को अपनी विशिष्टताओं और संसाधनों का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर और नागरिक सुविधा केंद्रित बनाने का है। प्रदेश के छोटे-बड़े सभी नगर इस अभियान में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं, जिससे उत्तर प्रदेश का हर नगर आत्मनिर्भरता और विकास की दिशा में मजबूत कदम उठा रहा है।।