ग्रेटर नोएडा: जोमैटो ऑर्डर में वेज की जगह नॉनवेज मिला, धार्मिक भावनाएं आहत!!
दो टूक :: ग्रेटर नोएडा।
डेल्टा-2 इलाके में जोमैटो से किया गया एक ऑर्डर विवाद का कारण बन गया है। जानकारी के मुताबिक, एक युवक ने जोमैटो ऐप से मशरूम वेजिटेरियन डिश ऑर्डर की थी। लेकिन जब उसने पैकेट खोला तो उसमें नॉनवेज पीस पाया गया।
यह देखकर युवक हैरान और आहत हो गया। उसने तुरंत इस पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक ने बताया कि वह शाकाहारी है और इस गलती से उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
युवक ने न केवल जोमैटो बल्कि संबंधित रेस्टोरेंट के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। लोग जोमैटो से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे उपभोक्ता अधिकारों और धार्मिक आस्थाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।
अब देखना यह होगा कि कंपनी और प्रशासन इस मामले पर क्या कदम उठाते हैं।