शुक्रवार, 26 सितंबर 2025

🚨 मिशन शक्ति फेज-5: महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जोर!!

शेयर करें:


🚨 मिशन शक्ति फेज-5: महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जोर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक :: गौतमबुद्धनगर, 26 सितंबर 2025 – पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे "मिशन शक्ति अभियान-5.0" के तहत थाना सेक्टर-63 में आज एक विशेष गोष्ठी आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को अपराध, उत्पीड़न और साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के साथ-साथ उनके अधिकारों और उपलब्ध सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।


पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार, पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्रीमती शैव्या गोयल ने एसीपी सेंट्रल नोएडा श्रीमती वर्णिका सिंह और एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती प्रशाली गंगवार के साथ कार्यक्रम का संचालन किया। गोष्ठी में मिशन शक्ति केन्द्र की सेवाओं, हेल्पलाइन नंबर और सुरक्षा उपायों पर विशेष चर्चा की गई।


कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को बताया गया कि मिशन शक्ति केन्द्र महिलाओं को उत्पीड़न और अपराधों से बचाने के लिए काउंसलिंग, कानूनी, पुलिस और चिकित्सा सहायता एक ही स्थान पर प्रदान करता है। इसके अलावा महिला सुरक्षा टीम, एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है।


साइबर सुरक्षा और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थितों को गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और आपातकालीन स्थितियों में पुलिस सहायता के तरीकों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पुलिस हेल्पलाइन 112 की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की गई।


कमिश्नरेट द्वारा प्रतिदिन सभी थाना क्षेत्रों में महिला बीट अधिकारियों के माध्यम से गांव, कस्बा, स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान में हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा उपायों से संबंधित पम्पलेट भी वितरित किए जा रहे हैं।।