गौतमबुद्ध नगर :
नोएडा की एतिहासिक 40 वॉ श्रीरामलीला 22 सितम्बर से शुभारंभ।।
समिति के महासचिव संजय बाली ने बताया कि इस वर्ष रामलीला मंचन के लिए दिल्ली के प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। मंचन रोजाना सायं 7:00 बजे से शुरू होगा और रात लगभग 11:00 बजे तक चलेगा। दर्शकों की धार्मिक आस्था और उत्साह को देखते हुए मंचन की विशेष तैयारियां की गई हैं।
शोभायात्रा 26 सितम्बर को
आयोजन के तहत 26 सितम्बर को दोपहर 3:00 बजे से रामलीला मैदान सेक्टर-19 से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो सेक्टर-12/22 होते हुए सेक्टर-21 के रामलीला मैदान पर सम्पन्न होगी। शोभायात्रा में भव्य झांकियों, बैण्ड-बाजों, घोड़ों, ऊंटों और सैकड़ों भक्तों का समावेश रहेगा।
मंच और सज्जा
रामलीला मंचन के लिए 60×90 फीट का विशाल मंच और 35 फीट ऊँचे पर्दे की व्यवस्था की गई है। मंचन के दौरान 50 से अधिक झांकियों को प्रदर्शित किया जाएगा। विद्युत सज्जा और आकर्षक लाइटिंग से पूरा पंडाल जगमगाएगा। इसके अलावा 2 आकर्षक राम दरबार के भी दर्शन कराए जाएंगे।
धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक संदेश
समिति ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को प्रबल करना है बल्कि समाज में सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का संदेश भी देना है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय कलाकारों को भी मंच मिलेगा।
महोत्सव में समिति के संरक्षक टी.सी. गोयल, अध्यक्ष ए.एन. गोयल सहित दर्जनों पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
सुरक्षा और व्यवस्था
समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, स्वास्थ्य सुविधाएँ और ट्रैफिक प्रबंधन किया जाएगा।
इस भव्य रामलीला महोत्सव में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।