सोमवार, 22 अप्रैल 2024

गोण्डा- जनपद में पृथ्वी दिवस पर चलाया गया वृहद अभियान, एक लाख से ज्यादा स्कूली बच्चों ने बनाई 74.86 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला, छात्रों ने एकजुट होकर मतदाताओं को किया जागरूक व दिया मतदान अवश्य करने का संदेश

शेयर करें:
दो टूक, गोण्डा- लोकसभा चुनाव - 2024 के दृष्टिगत सभी जनपदों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए व्यापक पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जनपद गोण्डा में स्कूली बच्चों ने 74. 86 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई। पृथ्वी दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 506 विद्यालयों के एक लाख से ज्यादा छात्र- छात्राएं शामिल हुए। "मेरा गोण्डा मेरी शान, 20 मई को करें मतदान" जैसे संदेशों के साथ एक दूसरे का हाथ थामें इन बच्चों ने जनपद वासियों को शत प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। पोस्टर तथा रंगोली के माध्यम से स्कूली बच्चों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल अवश्य करने की अपील की। इस वृहद मानव श्रृंखला कार्यक्रम की शुरुआत सीडीओ एम. अरुन्मोली ने नगर के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टामसन) से की। उन्होंने अपने संदेश में जनपद वासियों से मतदान अवश्य करने की अपील की। जनपद मुख्यालय के साथ ही ब्लॉक स्तर पर भी इस मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने  कहा कि देश के सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में हम सब की भागीदारी है। जनपद में आगामी 20 में को होने वाले मतदान में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सभी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन गोण्डा की तरफ से सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस वृहद कार्यक्रम का आयोजन जनपद के नगर गोण्डा के साथ सभी 16 ब्लॉक में किया गया। सर्वाधिक 10 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने नगर गोण्डा क्षेत्र में करीब 15 किलोमीटर से ज्यादा की मानव श्रृंखला बनाई। इसी तरह छपिया, पण्डरी कृपाल, वजीरगंज, बभनजोत, हलधरमऊ , बेलसर मनकापुर, कर्नलगंज, झंझरी, तरबगंज, नवाबगंज, मुजेहाना, परसपुर, रुपईडीह, इटियाथोक और कटरा बाजार में मानव श्रृंखला बनाई गई। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, नगर मजिस्ट्रेट विजय शर्मा, उप जिलाधिकारी सदर गोंडा अवनीश त्रिपाठी, डीएसटीओ अरुण कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचंद, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद सहित सभी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिका एवं अन्य सभी संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।