गुरुवार, 12 नवंबर 2026

सुल्तानपुर : वैज्ञानिक सोच और भारतीय ज्ञान परंपरा का संगम बना विद्या भारती का महोत्सव।||Sultanpur: Vidya Bharati's festival became a confluence of scientific thinking and Indian knowledge tradition.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर : 
वैज्ञानिक सोच और भारतीय ज्ञान परंपरा का संगम बना विद्या भारती का महोत्सव।
दो टूक : डॉ. सौरभ मालवीय बोले- विज्ञान, गणित और संस्कृति से विद्यार्थियों में विकसित होगी नवाचार व शोध की प्रवृत्ति।
विस्तार : 
सुलतानपुर विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान, गणित एवं संस्कृति महोत्सव-2026 का गुरुवार को सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ज्ञान कुंज, विवेकानंद नगर में भव्य शुभारंभ हुआ। 14 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में पूर्वी उत्तर प्रदेश की आठ समितियों एवं चार प्रांतों के 49 जनपदों से करीब 1200 विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि विद्या भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री हेमचंद्र जी, विशिष्ट अतिथि नगर विधायक विनोद कुमार सिंह तथा कार्यक्रम अध्यक्ष एवं लखनऊ विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. सौरभ मालवीय ने विद्यार्थियों की विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डॉ. सौरभ मालवीय ने कहा कि विद्या भारती वैज्ञानिक चिंतन के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। विज्ञान, गणित एवं संस्कृति महोत्सव विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास, धर्म, संस्कृति, पर्व-त्योहार, तीर्थस्थलों और राष्ट्रीय महापुरुषों से परिचित कराने के साथ उनमें वैज्ञानिक जिज्ञासा, तार्किक क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने वैदिक गणित को भारतीय ज्ञान परंपरा की अनुपम विद्या बताते हुए कहा कि इससे जटिल गणनाओं को सरल बनाने के साथ विद्यार्थियों की एकाग्रता और गणना कौशल का विकास होता है। विज्ञान प्रश्न मंच, गणित मेला और संस्कृति महोत्सव जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को शोध, नवाचार और सृजनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करती हैं।
मुख्य अतिथि हेमचंद्र जी ने कहा कि विद्या भारती आधुनिक विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा को भारतीय जीवन मूल्यों और ज्ञान परंपरा से जोड़कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उद्देश्य वैज्ञानिक दृष्टिकोण से संपन्न, राष्ट्र के प्रति समर्पित और स्वावलंबी पीढ़ी तैयार करना है।
नगर विधायक विनोद कुमार सिंह ने भी विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति के साथ आधुनिक ज्ञान-विज्ञान से जोड़ने के विद्या भारती के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में विभाग संघचालक एवं शल्य चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार सिंह, क्षेत्र सह संगठन मंत्री डॉ. राम मनोहर, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह, विज्ञान संयोजक बांके बिहारी पाण्डेय सहित अनेक पदाधिकारी, शिक्षाविद्, आचार्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने अतिथियों का परिचय कराया।