मऊ :
विद्यार्थियों ने माता-पिता चरण पूजन कर लिया आशीर्वाद,भारतीत संस्कारो का दिया संदेश।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : ‘माता-पिता के चरणों में चारधाम’ कार्यक्रम में भारतीय संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों की दिखी अनूठी झलक, अतिथियों ने बच्चों को दिया सेवा और सम्मान का संदेश।
विस्तार :
माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सेवा भाव को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सिकटिया स्थित साईं कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग में ‘माता-पिता के चरणों में चारधाम’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान डी.फार्मा, बी.फार्मा प्रथम वर्ष एवं नर्सिंग के विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का विधि-विधान से पूजन-वंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। भावुक और श्रद्धापूर्ण माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम ने भारतीय संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंडित जय गोविंद मिश्रा, पूर्व प्रधानाचार्य इंटर कॉलेज, कुशीनगर रहे। इस अवसर पर प्रकाश ग्रुप के संस्थापक प्रकाश चंद्र राय एवं इंदु देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय, डॉ. मनीष कुमार राय (निदेशक, प्रकाश हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर एवं क्रिम्स मेडिकल कॉलेज, मऊ), पूर्व ब्लॉक प्रमुख कोपागंज सर्वेश राय, कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय तथा निदेशक डॉ. प्रमोद मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के चरणों में पुष्प अर्पित कर उनका पूजन किया और जीवन में उनके त्याग, समर्पण एवं योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। अभिभावकों ने भी बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशेष बात यह रही कि प्रकाश चंद्र राय, इंदु देवी, मनोज कुमार राय, डॉ. मनीष कुमार राय, सर्वेश राय एवं कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय ने भी अपने माता-पिता का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि पंडित जय गोविंद मिश्रा ने कहा कि माता-पिता संतान के प्रथम गुरु और जीवन के सबसे बड़े मार्गदर्शक होते हैं। उनकी सेवा, सम्मान और आज्ञा का पालन करना प्रत्येक संतान का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने तथा माता-पिता के प्रति सदैव कृतज्ञ रहने का आह्वान किया।
प्रकाश ग्रुप के संस्थापक प्रकाश चंद्र राय ने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद ही बच्चों के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उनका स्नेह और मार्गदर्शन संतान को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों को अपनाना भी बेहद जरूरी है।
डॉ. मनीष कुमार राय एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राय ने भी विद्यार्थियों को माता-पिता के त्याग और उनके योगदान को समझने तथा सदैव उनका सम्मान करने की प्रेरणा दी। कॉलेज के चेयरमैन अखिलेश कुमार राय ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों का ज्ञान भी आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के निदेशक डॉ. प्रमोद मौर्य ने अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी, डी.फार्मा, बी.फार्मा प्रथम वर्ष एवं नर्सिंग के विद्यार्थी तथा उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि माता-पिता की सेवा और उनका सम्मान ही सबसे बड़ा धर्म है तथा उनके चरणों में ही संतान के लिए चारों धाम का पुण्य समाहित है।
