मऊ :
धनतेरस और दीपावली पर मऊ में बदलेगी यातायात व्यवस्था।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ शहर मे धनतेरस एवं दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में सुगम यातायात व्यवस्था और बाजारों में भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिए मऊ पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देश पर जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार 6 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई रास्तों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित एवं परिवर्तित किया गया है।
जारी यातायात निर्देशों के अनुसार आजमगढ़ मोड़ से आने वाले सभी वाहनों को गाजीपुर तिराहा एवं मिर्जाहादीपुरा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। किसी भी वाहन को रोडवेज की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। यह व्यवस्था रोडवेज बसों पर भी लागू रहेगी।
इसी प्रकार भीटी से बाल निकेतन की ओर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बाल निकेतन की तरफ से आने वाले किसी भी वाहन को डीसीएसके की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा, बल्कि महिला अस्पताल होते हुए भीटी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
टीसीआई तिराहे से संस्कृत पाठशाला एवं सदर चौक की तरफ वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे वाहनों को बंधा रोड एवं मिर्जाहादीपुरा की ओर भेजा जाएगा। वहीं ठेकुलिया घाट, मिर्जाहादीपुरा और बाल निकेतन से आने वाले भारी वाहनों को शहर में किसी भी समय सदर चौक की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा सदर चौक से रौजा एवं हठ्ठी मदारी की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर मिर्जाहादीपुरा से औरंगाबाद चौक होते हुए टीसीआई तिराहे की तरफ आने वाले वाहनों को मिर्जाहादीपुरा में ही रोक दिया जाएगा।
पुलिस ने की आमजन से सहयोग की अपील
धनतेरस एवं दीपावली के दौरान बाजारों में संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर न जाएं और यातायात पुलिस का सहयोग करें, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
