शनिवार, 14 नवंबर 2026

मऊ : मंगलम् में मंत्री ए.के. शर्मा और मीडिया के बीच सजा स्नेह, संवाद और सौहार्द का मंच।||Mau: A platform of affection, dialogue, and harmony was created between Minister A.K. Sharma and the media at Mangalam.||

शेयर करें:
मऊ : 
मंगलम् में मंत्री ए.के. शर्मा और मीडिया के बीच सजा स्नेह, संवाद और सौहार्द का मंच।
●पत्रकार भवन निर्माण को लेकर सूचना निदेशक को तत्काल लगाया फोन।
दो टूक :  राजनीति और पत्रकारिता के बीच संवाद की अहमियत शनिवार को बहुद्देशीय भवन मंगलम् में उस समय देखने को मिली, जब नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की पहल पर आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में वर्षों से बनी संवादहीनता की दूरी आत्मीयता में बदलती नजर आई। साढ़े चार साल से मंत्री और स्थानीय मीडिया के बीच बनी दूरियों को एक भोज, सहज मुलाकात और खुले संवाद ने काफी हद तक समाप्त कर दिया। समारोह में ऐसा माहौल बना, जहां न कोई औपचारिकता हावी थी और न ही पुराने गिले-शिकवों को लेकर कोई झिझक।
कार्यक्रम में मान्यता प्राप्त पत्रकारों के साथ प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मंत्री ए.के. शर्मा ने करीब एक घंटे तक पत्रकारों के बीच बैठकर खुलकर बातचीत की। उन्होंने प्रत्येक पत्रकार की बात गंभीरता से सुनी और जनपद की समस्याओं, पत्रकारों की अपेक्षाओं तथा विभिन्न जनहित के मुद्दों पर संवाद किया। पत्रकारों ने भी बेबाकी से अपनी बात रखी और लंबे समय से महसूस की जा रही समस्याओं को मंत्री के संज्ञान में लाया।
पत्रकार भवन निर्माण की मांग पर मंत्री की तत्परता, मौके से सूचना निदेशक को लगाया फोन
समारोह का सबसे महत्वपूर्ण और चर्चा का विषय बना क्षण उस समय सामने आया, जब पत्रकार भवन निर्माण का मुद्दा उठा। पत्रकारों की मांग को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने कार्यक्रम के बीच से ही सूचना निदेशक विशाल सिंह को फोन मिला दिया। स्पीकर ऑन कर बातचीत करते हुए उन्होंने मऊ में पत्रकार भवन निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया और इसके लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देशों के संबंध में जानकारी ली।
मंत्री की इस त्वरित पहल ने पत्रकारों के बीच उम्मीद की नई किरण जगा दी। लंबे समय से जनपद में पत्रकार भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ऐसे में मंत्री द्वारा सार्वजनिक रूप से इस विषय को प्राथमिकता देना पत्रकारों के बीच चर्चा का प्रमुख केंद्र रहा। अब देखना होगा कि यह पहल धरातल पर कितनी जल्दी आकार लेती है।
भोज के बहाने बदले संवाद के समीकरण, राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा
हालांकि कार्यक्रम को दीपावली स्नेह मिलन का नाम दिया गया था, लेकिन इसके मायने महज त्योहार की शुभकामनाओं और भोज तक सीमित नहीं रहे। इसे मंत्री और मीडिया के बीच नए संवाद की शुरुआत तथा पुराने मतभेदों को पीछे छोड़कर बेहतर संबंध स्थापित करने की पहल के रूप में भी देखा गया। लंबे समय बाद एक मंच पर इतनी सहजता, आत्मीयता और खुलापन दिखाई देना जनपद के राजनीतिक एवं पत्रकारिता जगत में चर्चा का विषय बन गया।
उपहार और आत्मीय विदाई के साथ हुआ समारोह का समापन
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ए.के. शर्मा ने सभी पत्रकारों के साथ दोपहर का भोजन किया। इसके बाद दीपावली का उपहार भेंट कर सभी के साथ फोटो खिंचवाया और ससम्मान विदाई दी। पूरे आयोजन में आपसी सम्मान, सौहार्द और संवाद की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी।
कुल मिलाकर मंगलम् में आयोजित यह स्नेह मिलन सिर्फ एक भोज नहीं, बल्कि साढ़े चार साल की दूरी को कम करने, पुराने गिले-शिकवे भुलाने और मंत्री तथा मीडिया के बीच संवाद का नया अध्याय शुरू करने की पहल के रूप में याद किया जाएगा। अब इस आत्मीय मुलाकात का असर आने वाले दिनों में जनपद के विकास और जनसमस्याओं को लेकर होने वाले संवाद में किस रूप में दिखाई देता है, इस पर सबकी निगाहें रहेंगी।