लखनऊ :
पूर्व परिचित ने शादी तुड़वाने की साजिश,फर्जी आईडी से मंगेतर के घर भेजे अश्लील चैट के स्क्रीनशॉट, विरोध पर जान से मारने की धमकी।।
दो टूक : लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एक युवती को सोशल मीडिया के जरिए कथित रूप से लगातार प्रताड़ित करने और उसकी शादी तुड़वाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर युवती के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर रहा है। इतना ही नहीं, होने वाले पति और ससुराल पक्ष को अश्लील चैट के स्क्रीनशॉट भेजकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
पीड़िता के मुताबिक उनकी शादी 21 नवंबर 2026 को तय है। आरोप है कि फतेहपुर निवासी नितिन शर्मा सगाई के बाद से ही व्हाट्सऐप, यूट्यूब और टेलीग्राम समेत सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से अश्लील और अभद्र टिप्पणियां कर रहा है। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके नाम और फोटो से फर्जी आईडी बनाकर उसके होने वाले ससुराल पक्ष को चैट के स्क्रीनशॉट भेजे। अपनी आईडी से बातचीत कर स्क्रीनशॉट तैयार किए और उन्हें रिश्तेदारों तक पहुंचाकर उसकी छवि खराब करने के साथ शादी तुड़वाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी कथित तौर पर होने वाले पति और ससुरालियों को शादी के दिन जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
पीड़िता के मुताबिक, पहले आरोपी को समझाने का प्रयास किया गया। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई, जहां से हिदायत मिलने पर वह कुछ दिनों तक शांत रहा, लेकिन बाद में फिर से सोशल मीडिया और फोन के जरिए प्रताड़ित करने लगा।
आरोप है कि 3 नवंबर को 'SAD SAD' नाम की फर्जी टेलीग्राम आईडी से सीक्रेट चैट के जरिए आरोपी ने आत्महत्या कर पीड़िता और उसके परिवार को फंसाने की धमकी दी। पीड़िता ने दूसरे मोबाइल से चैट की तस्वीर लेकर साक्ष्य सुरक्षित कर लिए हैं। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान पीड़िता ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
