सोमवार, 2 नवंबर 2026

लखनऊ : पुरानी रंजिश में युवक के पेट में घोंपा चाकू,हालत नाजुक।।||Lucknow: A young man was stabbed in the stomach due to an old rivalry; his condition is critical.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
पुरानी रंजिश में युवक के पेट में घोंपा चाकू,हालत नाजुक।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना गोसाईगंज क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने युवक को पहले गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और फिर उसके पेट में चाकू घोंप दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
●विस्तार : 
मिली जानकारी के अनुसार गोसाईगंज कोतवाली क्षेत्र के सिटकिहा कलां मजरा धौरहरा निवासी दिलीप कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही मनीराम पुत्र महेश ने उनके भाई शिव बरन कुमार के साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि मनीराम ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की और फिर चाकू से पेट पर वार कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल शिव बरन को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई अस्पताल लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच कराई। उपनिरीक्षक विक्रांत सिंह की जांच में घटना सही पाए जाने के बाद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।