गोंडा :
सीएम योगी ने गोण्डा को करोड़ों की परियोजनाओं की दी सौगात, छह माह में एक लाख युवाओं को नौकरी का ऐलान।
◆अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में मिलेगा 20 प्रतिशत आरक्षण।
।।संवाददाता – वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा में 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के साथ युवाओं को रोजगार देने का बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले छह माह में प्रदेश के एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में गोंडा के विकास के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जबकि देवीपाटन मंडल में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
◆35 हजार कांस्टेबल और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबल और 42 हजार होमगार्ड जवानों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों में 25 से 30 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने अग्निवीरों को सरकारी विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण देने की भी बात कही।
◆मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय से बढ़ेंगे अवसर।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा में महाराजा देवी बख्श सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई है। वहीं, देवीपाटन मंडल में विश्वविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
◆किसानों और गरीबों के लिए योजनाओं का जिक्र।
मुख्यमंत्री ने पराली और गोबर के उपयोग के साथ कंप्रेस्ड बायोगैस के माध्यम से इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
धार्मिक स्थलों का भी हो रहा विकास
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर, स्वामीनारायण मंदिर छपिया और मां वाराही देवी मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास कराया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि अब धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहे हैं। आगामी सात नवंबर को अयोध्या में दीपोत्सव का दसवां संस्करण आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, विधायक रमापति शास्त्री, प्रभात वर्मा, प्रेम नारायण पांडेय, अजय सिंह, विनय कुमार द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह एवं मंजू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी समेत तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
