रविवार, 15 नवंबर 2026

लखनऊ : DIG के मासूम बेटे को स्कूल में किया गया अपमानित, प्रिंसिपल समेत तीन पर FIR दर्ज।।||Lucknow: DIG's innocent son was humiliated in school; FIR registered against three people including the principal.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
DIG के मासूम बेटे को स्कूल में किया गया अपमानित, प्रिंसिपल समेत तीन पर FIR दर्ज।।
◆आहत हुआ कक्षा तीन का छात्र।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित स्कूल में आठ वर्षीय छात्र के कथित मानसिक उत्पीड़न का मामला सामने आया है। छात्र के पिता यूपी पुलिस में डीआईजी पद पर तैनात हैं। उन्होंने स्कूल की प्रधानाचार्य, काउंसलर और रोबोटिक्स शिक्षक पर बेटे को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। डीआईजी की शिकायत पर पीजीआई पुलिस ने 11 नवंबर को तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
विस्तार : 
पुलिस सूत्रों के मुताबिक डीआईजी का बेटा स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है। आरोप है कि 15 अक्टूबर को रोबोटिक्स की कक्षा के दौरान एक सीनियर छात्र ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी। इसकी जानकारी होने पर डीआईजी ने अगले दिन स्कूल की प्रधानाचार्य और काउंसलर से शिकायत कर सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की।
डीआईजी का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने फुटेज की जांच कराने के बजाय उनके आठ वर्षीय बेटे को आरोपी छात्र की पहचान कराने के लिए कक्षा पांच से आठ तक के सभी सेक्शन में घुमाया। इस दौरान बच्चे को एक हजार से अधिक विद्यार्थियों के सामने जाना पड़ा। आरोप है कि इस घटनाक्रम के बाद स्कूल में शिक्षकों और सहपाठियों के बीच बच्चे का मजाक उड़ाया गया, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हुआ।
डीआईजी ने दावा किया कि स्कूल प्रबंधन को पहले से जानकारी थी कि रोबोटिक्स के सीनियर छात्र उस दिन बाहरी प्रतियोगिता में शामिल होने गए थे। इसके बावजूद उनके बेटे को इस तरह सार्वजनिक रूप से पहचान कराने के लिए ले जाया गया।
मामले में डीआईजी ने जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और स्कूल सोसाइटी एवं प्रबंधन समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय प्रबंधन ने उन्हें संरक्षण दिया और परिवार पर शिकायत वापस लेने तथा समझौता करने का दबाव बनाया।
स्कूल प्रबंधन के रवैये से नाराज डीआईजी ने 28 अक्टूबर को पीजीआई थाने में शिकायत दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत प्रधानाचार्य, काउंसलर और रोबोटिक्स शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और पीजीआई थाना प्रभारी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।