गौतमबुद्धनगर: जनपद स्तरीय युवा उत्सव में युवाओं ने बिखेरी प्रतिभा की चमक, पांच विधाओं में दिखा हुनर!!
मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता अब मंडल स्तर पर करेंगे जनपद का प्रतिनिधित्व
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 13 नवंबर 2026। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। ग्रेटर नोएडा के सिरसा स्थित ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल में आयोजित इस उत्सव में जनपद के विभिन्न विद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र, माय भारत के उपनिदेशक शिवेंद्र सिंह, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी, ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल की प्रबंध निदेशिका नूतन भाटी, प्रधानाचार्य वंदना शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।
युवा उत्सव के दौरान युवाओं की कला, अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए पांच प्रमुख विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें लोक नृत्य समूह, नुक्कड़ नाटक समूह, पेंटिंग, कविता लेखन और लोकगीत प्रतियोगिता शामिल रहीं। विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिताओं में इन प्रतिभागियों ने हासिल किए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान
प्रतियोगिताओं के परिणामों की जानकारी देते हुए प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी ने बताया कि नुक्कड़ नाटक समूह प्रतियोगिता में शारदा यूनिवर्सिटी ने प्रथम और ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, खेड़ा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लोक नृत्य समूह प्रतियोगिता में ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, सिरसा ने प्रथम तथा गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के अखिल ने प्रथम, ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, सिरसा की परीक्षा बंसल ने द्वितीय तथा इसी विद्यालय की आरुषि बंसल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इसी प्रकार कविता लेखन प्रतियोगिता में सिद्धि दात्री ने प्रथम, अंशिका ने द्वितीय और श्रुति ने तृतीय स्थान हासिल किया। जबकि लोकगीत प्रतियोगिता में ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल के प्रवीण ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
विजेताओं को किया सम्मानित, मंडल स्तर पर करेंगे जनपद का प्रतिनिधित्व
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी ने बताया कि जनपद स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागी आगामी मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करेंगे और वहां गौतमबुद्धनगर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता की तिथि निर्धारित होने के बाद प्रतिभागियों को अलग से सूचित किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा उनमें रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना रहा।
अंत में प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।।
