गौतमबुद्धनगर: छठ पूजा की तैयारियों को लेकर सक्रिय हुए कांग्रेस नेता सतेंद्र शर्मा, विभिन्न घाटों का किया निरीक्षण; प्राधिकरण अधिकारियों से की तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग!!
दो टूक//नोएडा। छठ पूजा महापर्व को लेकर नोएडा विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में 13 नवंबर 2026 को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कोऑर्डिनेटर सतेंद्र शर्मा ने महानगर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विक्रम चौधरी के साथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न छठ पूजा घाटों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सतेंद्र शर्मा ने छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर घाटों पर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, आवागमन के रास्तों की मरम्मत और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं।
जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सतेंद्र शर्मा ने मौके पर ही नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और सामने आई समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर छठ पूजा से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने अधिकारियों से विशेष रूप से घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि छठ व्रतियों और उनके परिजनों को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर सतेंद्र शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति, सामाजिक एकता और लोक परंपरा का प्रतीक है। इस पावन पर्व पर हजारों श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की आराधना करते हैं। ऐसे में यह आवश्यक है कि नोएडा प्राधिकरण सभी छठ पूजा घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के बेहतर इंतजाम सुनिश्चित करे।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच खड़ी रही है। छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण महापर्व पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से हर संभव सहयोग किया जाएगा और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान महानगर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विक्रम चौधरी सहित छठ पूजा समितियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।।
