लखनऊ :
नाका में पत्रकार पर चाकू से हमला कर किया लहूलुहान,ट्रॉमा सेंटर में भर्ती।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के नाका क्षेत्र में पैसों के विवाद में नशे में धुत युवक ने जमकर तांडव मचाया, बीच-बचाव करने पहुंचे पत्रकार के पेट में चाकूकर लहूलुहान कर दिया,घटना से इलाके मे हड़कंप मच गया।
विस्तार :
राजधानी के नाका थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पत्रकार पर चाकू से जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। होटल दीप अवध के पास पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में राजकुमार उर्फ लल्लन ने पत्रकार तारिक पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू पेट के ऊपरी हिस्से में लगने से तारिक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर काफी खून बह गया। पुलिस ने उन्हें तत्काल बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 12 नवंबर की रात करीब 8:35 बजे की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राजकुमार उर्फ लल्लन नशे की हालत में मौके पर पहुंचा और पहले अपनी गाड़ी से पत्रकार संतोष शर्मा (JK 24 News) की गाड़ी में टक्कर मार दी। इसके बाद उसने चाकू से हमला करने का प्रयास किया। संतोष शर्मा के हटने पर बीच-बचाव करने पहुंचे HNM न्यूज चैनल के पत्रकार तारिक चाकू की चपेट में आ गए। आरोपी का वार सीधे उनके पेट के ऊपरी हिस्से में लगा।
◆आरोपी चाकू समेत पुलिस की गिरफ्त में।
वारदात की सूचना मिलते ही नाका पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पत्रकार को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार उर्फ लल्लन को घटना में इस्तेमाल चाकू समेत हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पैसों के लेन-देन का विवाद हमले की वजह सामने आया है।
फिलहाल नाका पुलिस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
