गौतमबुद्धनगर: अब अपनी भाषा में पढ़ सकेंगे सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले, ‘सुवास प्रकोष्ठ’ से आसान होगी न्याय तक पहुंच!!
हिन्दी में उपलब्ध होंगे न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जागरूकता शिविर आयोजित कर अधिवक्ताओं को दी जानकारी
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 03 नवंबर 2026। न्याय व्यवस्था को आमजन के लिए अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाने की दिशा में इलाहाबाद उच्च न्यायालय एवं उच्चतम न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब आम नागरिक उच्चतम न्यायालय और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसलों को हिन्दी भाषा में पढ़कर उनके बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए ‘सुवास प्रकोष्ठ’ (सुप्रीम कोर्ट विधिक अनुवाद सॉफ्टवेयर) के माध्यम से न्यायालयों के निर्णयों का हिन्दी में अनुवाद उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भाषा की बाधा को दूर कर आम नागरिकों तक न्यायिक निर्णयों की जानकारी उनकी अपनी भाषा में पहुंचाना और विधिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
इस संबंध में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर शिवानी रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि माननीय उच्चतम न्यायालय एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय की पहल के क्रम में तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में मंगलवार को दीवानी न्यायालय परिसर स्थित मीटिंग हॉल में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम मयंक त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ताओं, मध्यस्थों तथा एलएडीसीएस (लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम) में नामित अधिवक्ताओं को इस नई व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर में उपस्थित अधिवक्ताओं को बताया गया कि अब उच्चतम न्यायालय एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्णयों को हिन्दी भाषा में पढ़ने और समझने की सुविधा उपलब्ध है। इससे उन नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें अंग्रेजी भाषा में लिखे कानूनी निर्णयों को समझने में कठिनाई होती है। इस व्यवस्था के माध्यम से आमजन न्यायालयों के फैसलों को अपनी भाषा में पढ़कर कानूनी प्रक्रियाओं और न्यायिक निर्णयों के प्रति बेहतर समझ विकसित कर सकेंगे।
इस अवसर पर शिविर में मौजूद सभी अधिवक्ताओं एवं अन्य संबंधित लोगों से अपील की गई कि वे इस महत्वपूर्ण पहल की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि आम नागरिक भी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
इन वेबसाइटों पर हिन्दी में पढ़ें न्यायालयों के फैसले
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की ओर से निर्णयों को हिन्दी में देखने एवं जानकारी प्राप्त करने के लिए निम्नलिखित वेबसाइट उपलब्ध कराई गई हैं—
- https://www2-allahabadhighcourt-in/ahcr
- https://elegalix-allahabadhighcourt-in/elegalix/translation/vernacular2-html
इन वेबसाइटों के माध्यम से नागरिक हिन्दी भाषा में न्यायालयों के निर्णयों का अवलोकन कर सकते हैं और संबंधित कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
बार एसोसिएशन से लेकर विश्वविद्यालयों तक होगा प्रचार-प्रसार
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से इस पहल को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने की भी योजना बनाई गई है। इसके तहत जनपद बार एसोसिएशन, पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी), जिला प्रशासन, स्थानीय प्राधिकरणों, विधि महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को इस सुविधा से जोड़ना और उन्हें अपने अधिकारों तथा न्यायिक निर्णयों के प्रति जागरूक बनाना है।
न्यायिक निर्णयों को आम नागरिकों की भाषा में उपलब्ध कराने की यह पहल न्याय तक पहुंच को आसान बनाने के साथ-साथ विधिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।।
