मंगलवार, 10 नवंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बंद मकानों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में बंद मकानों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

अक्षरधाम कॉलोनी में घर का ताला तोड़कर की थी चोरी, पुलिस ने तीन महीने बाद आरोपी को दबोचा; वारदात में इस्तेमाल हथौड़ी, लोहे की रॉड, छैनी और अवैध चाकू भी बरामद

दो टूक//नोएडा। थाना फेस-2 पुलिस ने घरों में चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, आभूषण बेचकर मिले रुपयों में से शेष 5,450 रुपये नकद, चोरी की वारदात में इस्तेमाल लोहे के औजार और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को थाना फेस-2 क्षेत्र की अक्षरधाम कॉलोनी में एक मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने घर की तिजोरी से आभूषण और गुल्लक आदि में रखी नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर थाना फेस-2 में मुकदमा अपराध संख्या 522/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम स्थानीय खुफिया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में 10 नवंबर 2026 को पुलिस ने अक्षरधाम मंदिर के पास पुस्ता रोड से आरोपी चांद पुत्र टिड्डू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के पीले और सफेद धातु के आभूषण, 5,450 रुपये नकद, एक हथौड़ी, लोहे की रॉड, छैनी और एक अवैध चाकू बरामद हुआ।

बंद मकानों को बनाता था निशाना

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपने साथी के साथ मिलकर रात के समय उन मकानों को निशाना बनाता था, जिनके बाहर ताला लगा होता था। आरोपी के मुताबिक, 14 और 15 अगस्त की मध्यरात्रि को उसने अक्षरधाम कॉलोनी में एक मकान का ताला तोड़कर आभूषण और गुल्लक आदि में रखे करीब 20 हजार रुपये चोरी किए थे। चोरी किए गए आभूषणों को बेचने के बाद बची रकम में से 5,450 रुपये पुलिस ने बरामद किए हैं।

इतना सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3 ग्राम 800 मिलीग्राम पीली धातु के आभूषण और 66 ग्राम 52 मिलीग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा आभूषणों की बिक्री से प्राप्त शेष 5,450 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल एक हथौड़ी, एक लोहे की रॉड, एक लोहे की छैनी और एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांद पुत्र टिड्डू (30 वर्ष) निवासी बोपारियान मोहल्ला, कस्बा ककोड़, जिला बुलंदशहर, हाल निवासी कस्बा सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

इस मामले में थाना फेस-2 पर मुकदमा अपराध संख्या 522/2026 में बीएनएस की धारा 305(a), 331(4), 317(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके अन्य साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।।