गोण्डा।
इटियाथोक ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत अयाह पंचायत के रानीजोत में मां शेरावाली मंदिर में शुक्रवार को माता की प्रतिमा स्थापना, झांकी व हवन और भंडारा कार्यक्रम का भव्य आयोजन जनसहयोग से किया गया। मुख्य अतिथि के तौर पर यहां क्षेत्रीय विधायक विनय कुमार द्विवेदी टीम सहित मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत अभिनंदन किया और उन्होंने आयोजन की सराहना की। समारोह में उन्होंने सम्मिलित होकर माँ भगवती के श्रीचरणों में विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही विधायक ने लोगो का हाल जाना व उनकी समस्याएं भी सुनी। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि जहाँ माँ आदिशक्ति का वास होता है, वहाँ श्रद्धा, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का दिव्य प्रकाश सदैव आलोकित रहता है। गांव के मंदिर में माँ के स्थापना का यह पावन एवं पुण्य अवसर हम सभी के लिए अत्यंत श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक आनंद का प्रतीक है। मंदिर केवल ईंट-पत्थरों से निर्मित भवन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना के जीवंत केंद्र होते हैं। ऐसे पवित्र धार्मिक आयोजनों से समाज में भक्ति, संस्कार, सद्भाव और धर्म के प्रति समर्पण की भावना और अधिक सुदृढ़ होती है।।
