गौतमबुद्धनगर: नोएडा में हत्याकांड के आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से बदमाश घायल!!
सेक्टर-3 के पार्क में छिपा था हत्या का आरोपी, पुलिस टीम को देखते ही भागने लगा; जवाबी कार्रवाई में दबोचा गया
दो टूक//नोएडा। थाना फेस-1 क्षेत्र में स्कूटी की टक्कर को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में वांछित आरोपी और पुलिस के बीच बुधवार को मुठभेड़ हो गई। सेक्टर-3 स्थित एक पार्क में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को थाना फेस-1 पुलिस टीम को लोकल इंटेलिजेंस के माध्यम से सूचना मिली थी कि हत्या के मुकदमे में वांछित आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी सेक्टर-3 स्थित एक पार्क में मौजूद है और वहां से फरार होने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पार्क के बाहर आरोपी की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने पार्क के अंदर तलाश शुरू की।
इसी दौरान आरोपी और उसका साथी पुलिस टीम को सामने से आता देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
स्कूटी टकराने के विवाद में गई थी युवक की जान
पुलिस के मुताबिक, 8 और 9 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि स्कूटी टकराने को लेकर हुए विवाद में अमित और शिवम के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवम का उपचार जारी है। इस मामले में थाना फेस-1 में मुकदमा अपराध संख्या 579/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 109 में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में आफताब उर्फ तुस्सी वांछित चल रहा था।
तीन अन्य मुकदमे भी हैं दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आफताब उर्फ तुस्सी पुत्र रियाजुद्दीन, निवासी नया बांस, सेक्टर-15, थाना फेस-1, नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी तीन अन्य अभियोग दर्ज हैं।
ये सामान हुआ बरामद
- एक अवैध तमंचा .315 बोर।
- एक जिंदा कारतूस .315 बोर।
- एक खोखा कारतूस .315 बोर।
- घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, रजिस्ट्रेशन नंबर UP16EL2923।
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।।
