लखनऊ :
मेकअप आर्टिस्ट को ब्लैकमेल कर 6 लाख वसूले,एडिटेड फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में एक मेकअप आर्टिस्ट को ब्लैकमेल कर करीब छह लाख रुपये वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने मुकेश मिश्रा और उसके साथी प्रदीप शुक्ला पर अश्लील फोटो-वीडियो एडिट कर वायरल करने की धमकी देने, लगातार ब्लैकमेल करने और पति को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के मुताबिक, आरोपी अब तक ऑनलाइन और नकद मिलाकर करीब छह लाख रुपये वसूल चुके हैं।
विस्तार :
थाना सरोजनीनगर क्षेत्र न्यू गडौरा स्थित वास्तुम सिटी निवासी नेहा खरे पत्नी नीरज कुमार खरे ने थाना सरोजनी नगर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मेकअप आर्टिस्ट हैं और मानसरोवर योजना में अपने दो मेकअप स्टूडियो संचालित करती हैं। करीब दो से ढाई वर्ष पहले एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात विकासनगर के कल्याणपुर लखनऊ निवासी मुकेश मिश्रा से हुई थी। सामान्य बातचीत के बाद मुकेश ने उनका मोबाइल नंबर ले लिया और संपर्क बढ़ा लिया।
पीड़िता का आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले मुकेश ने सेलिब्रिटी इवेंट में पार्टनर बनाने का झांसा देकर उनसे पूरा निवेश कराया। लगातार तीन इवेंट में नुकसान होने के बाद जब उन्होंने काम बंद करने की बात कही तो आरोपी ने कार्यक्रमों के दौरान खींचे गए फोटो और वीडियो एडिट कर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। लोकलाज के डर से पीड़िता ने कथित तौर पर फोटो-वीडियो सार्वजनिक न करने के एवज में आरोपी को कई बार रकम भी दी।
तहरीर के अनुसार, संपर्क खत्म करने की बात कहने पर आरोपी ने उनके पति, जो उत्तर प्रदेश सचिवालय में अनुभाग अधिकारी हैं, को भी किसी महिला से झूठे आरोप लगवाकर बर्बाद करने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि मुकेश ने एक बार कार में कोल्ड ड्रिंक के जरिए नशीला पदार्थ पिलाकर उनके फोटो-वीडियो बनाए थे और उन्हीं को वायरल करने की धमकी दे रहा है।
पीड़िता ने यह भी बताया कि 8 मई को आरोपी उनके घर के सामने पहुंचकर हंगामा करने लगा था, जिस पर 112 पुलिस को बुलाना पड़ा। 13 अगस्त 2026 को आरोपी कथित तौर पर दोबारा उनके महिला सैलून में घुस आया। इस संबंध में भी पुलिस और हेल्पलाइन पर शिकायत की गई। आरोप है कि मुकेश के साथ पारा निवासी प्रदीप शुक्ला भी ब्लैकमेलिंग में शामिल है और दोनों मिलकर करीब छह लाख रुपये वसूल चुके हैं।
पीड़िता का आरोप है कि अब रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने एडिटेड फोटो-वीडियो उनके पति, भाई और रिश्तेदारों को भेजने शुरू कर दिए हैं। इससे पूरा परिवार मानसिक प्रताड़ना झेल रहा है। पीड़िता ने पुलिस से दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही अपनी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
