गौतमबुद्धनगर: ऑनलाइन ऐप पर ऑर्डर रिटर्न करने के नाम पर हुई 3.95 लाख रुपये की साइबर ठगी, सेक्टर-39 पुलिस ने पीड़िता की पूरी रकम वापस कराई!!
दो टूक//नोएडा। ऑनलाइन साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए एक पीड़िता को बड़ी राहत दिलाई है। थाना सेक्टर-39 की साइबर टीम ने ऑनलाइन ऐप पर ऑर्डर रिटर्न करने के नाम पर हुई 3,94,999 रुपये की धोखाधड़ी की पूरी धनराशि पीड़िता के बैंक खाते में वापस कराई है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 27 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना सेक्टर-39 में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन ऐप पर ऑर्डर रिटर्न कराने के नाम पर उसे अपने जाल में फंसा लिया और उसके बैंक खाते से कुल 3,94,999 रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-39 पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और साइबर ठगी से संबंधित प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने संबंधित बैंक एवं अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार प्रयास किए। साइबर टीम की सक्रियता, प्रभावी कार्रवाई और निरंतर पैरवी के परिणामस्वरूप पीड़िता की ठगी गई पूरी धनराशि 3,94,999 रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़िता ने थाना सेक्टर-39 की साइबर पुलिस टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि साइबर अपराध का शिकार होने पर समय रहते पुलिस को सूचना देना और शिकायत दर्ज कराना बेहद जरूरी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन खरीदारी, ऑर्डर रिटर्न या रिफंड के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी, ओटीपी अथवा गोपनीय विवरण साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।।
