मंगलवार, 10 नवंबर 2026

मऊ : पेड़ से लटकता मिला 30 वर्षीय युवक का शव,गांव में मची सनसनी।।||Mau: The body of a 30-year-old man was found hanging from a tree, causing a sensation in the village.||

शेयर करें:
मऊ : 
पेड़ से लटकता मिला 30 वर्षीय युवक का शव,गांव में मची सनसनी।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक :  मऊ जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के कचिला नारायणपुर गांव के विंध्याचल के पुरवा में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव से करीब 300 मीटर दूर एक पेड़ से 30 वर्षीय युवक का शव लटकता मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान नवरंग यादव पुत्र सुखलाल यादव के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह कुछ महिलाएं खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटक रहे युवक के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर महिलाएं घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल मधुबन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
उधर, युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सरिता यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की दो छोटी-छोटी बेटियां हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। परिवार के सदस्यों का विलाप देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। गांव की महिलाएं और ग्रामीण शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।
इस संबंध में मधुबन थाना प्रभारी केके गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।