सुल्तानपुर :
तीन दिवसीय ज्ञान-विज्ञान एवं संस्कृति महोत्सव होगा आयोजित,
चार प्रांतो के 12 सौ विद्यार्थी लेगे भाग।
◆वैज्ञानिक सोच, नवाचार और भारतीय ज्ञान परंपरा के संगम से संवरेगा विद्यार्थियों का भविष्य : हेमचंद्र
दो टूक : सुलतानपुर में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान, गणित एवं संस्कृति महोत्सव-2026 गुरुवार (12 नवंबर) से शुरू होगा। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ज्ञान कुंज, विवेकानंद नगर में आयोजित इस महोत्सव में चार प्रांतों के 49 जनपदों से करीब 1200 विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 14 नवंबर को समारोह का समापन होगा।
विस्तार :
तीन दिवसीय ज्ञान-विज्ञान एवं संस्कृति महोत्सव की पूर्व संध्या पर आयोजित पत्रकार वार्ता में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संगठन मंत्री हेमचंद्र ने कहा कि वैज्ञानिक चेतना और भारतीय ज्ञान परंपरा का समन्वय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है। विद्या भारती का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाना है।
उन्होंने कहा कि विज्ञान, गणित एवं संस्कृति से जुड़ी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता, नवाचार और रचनात्मकता विकसित करती हैं। साथ ही भारतीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास के प्रति जुड़ाव पैदा करती हैं। ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को ज्ञानवान, तर्कशील, चरित्रवान और राष्ट्रभक्त नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
हेमचंद्र ने कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों का सामना करने के लिए नई पीढ़ी का बहुआयामी विकास जरूरी है। महोत्सव के जरिए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच के साथ 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की भावना को भी मजबूत किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता को मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं प्रबंधक डॉ. पवन सिंह तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। मीडिया प्रभारी देवेन्द्र कुमार पाठक ने आभार व्यक्त किया।
