गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-119 की अरण्य सोसाइटी में AC ब्लास्ट से भीषण आग लगने की वायरल खबर निकली भ्रामक, नोएडा पुलिस ने किया खंडन!!
थाना सेक्टर-113 क्षेत्र से जुड़ा मामला, पुलिस ने कहा- सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना असत्य और निराधार, भ्रामक खबर फैलाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
दो टूक//नोएडा। नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी में 21वीं मंजिल के एक फ्लैट में AC ब्लास्ट होने से भीषण आग लगने और आग की लपटें आसपास के कई फ्लैटों तक पहुंचने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में आग की ऊंची लपटें दिखाई देने का दावा करते हुए सोसाइटी में अफरा-तफरी और लोगों में दहशत फैलने की बात कही जा रही है। यह मामला थाना सेक्टर-113 क्षेत्र से संबंधित बताया जा रहा है।
वायरल खबर का संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आधिकारिक रूप से इसका खंडन जारी किया है। पुलिस की ओर से जारी Fake News Alert में स्पष्ट किया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही संबंधित सूचना पूर्णतः असत्य, भ्रामक एवं निराधार है। पुलिस ने बताया कि संबंधित प्रकरण में पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
पुलिस ने इस तरह की भ्रामक खबर तैयार कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, ऐसे लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
भ्रामक खबरों से बचने की पुलिस ने की अपील
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले किसी भी संदेश, वीडियो या सूचना पर बिना पुष्टि के विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। किसी भी खबर को प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें, ताकि समाज में अनावश्यक भय, भ्रम और अफरा-तफरी का माहौल पैदा न हो।
पुलिस ने साफ किया है कि भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाएं फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दो टूक: सोशल मीडिया पर वायरल हर वीडियो और खबर सच नहीं होती। जिम्मेदार नागरिक होने के साथ-साथ खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आधिकारिक पुष्टि के बाद ही किसी सूचना को साझा करना जरूरी है।।
