लखनऊ :
छठ पूजा को लेकर नगर निगम की तैयारियां पूरी,110 घाटों पर चाक-चौबंद इंतजाम।।
47 प्रमुख और 63 छोटे घाटों पर सफाई, रोशनी, पेयजल और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के नगर निगम ने छठ महापर्व को लेकर लखनऊ नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के सभी आठ जोनों में स्थित 47 प्रमुख और 63 छोटे घाटों समेत कुल 110 घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर घाटों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, प्रकाश व्यवस्था, झालर सजावट, पेयजल और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
दो टूक : छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम ने सभी घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई हैं। प्रमुख घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ प्रकाश व्यवस्था और डस्टबिन लगाए गए हैं। वहीं छोटे घाटों पर भी साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और झालरों से सजावट कराई गई है। घाटों पर पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। व्यवस्थाओं की निगरानी और समन्वय के लिए प्रत्येक घाट पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
विस्तार : नगर निगम ने छठ पूजा को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जोड़ते हुए प्रत्येक घाट पर अर्पण कलश स्थापित कराया है। श्रद्धालुओं से पूजा सामग्री नदियों और जलाशयों में प्रवाहित करने के बजाय इन कलशों में डालने की अपील की गई है, जिससे जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।
पर्व को जीरो वेस्ट बनाने के लिए सभी घाटों पर सफाई मित्रों की तैनाती की गई है। सफाई मित्र पूजा के दौरान घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण भी करेंगे।
नगर निगम के आठों जोन में प्रमुख छठ घाटों में लक्ष्मण मेला घाट, लल्लूमल घाट, लेटे हनुमान मंदिर घाट, बैरल नंबर-2, सांझिया घाट, झूलेलाल घाट, गोमती नगर विस्तार, स्कूटर इंडिया, गौरी बाजार, कुड़िया घाट, मेहंदी घाट, कुकरैल घाट और सैनिक स्कूल बोटिंग क्लब घाट शामिल हैं।
नगर निगम प्रशासन का दावा है कि सभी घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में छठ महापर्व मनाने की सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
