उन्नाव :
पुलिस लाइन में गूंजी राष्ट्रीय एकता की शपथ,सरदार पटेल को किया नमन।
दो टूक : एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाया एकता, अखंडता एवं सुरक्षा का संकल्प
विस्तार :
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को पुलिस लाइन उन्नाव में राष्ट्रीय एकता दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इसके बाद एसएसपी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान, अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति को याद करते हुए देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के उनके संकल्प को स्मरण किया।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने के साथ ही देशवासियों के बीच आपसी सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
