लखनऊ :
STF के जाल में फंसा गांजा तस्कर,
PG I क्षेत्र से गिरफ्तार,37 किलो गांजा बरामद।।
दो टूक : राजधानी में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पीजीआई थाना क्षेत्र में एक डीसीएम से 37 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे को कागज के रोल के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था। एसटीएफ ने मौके से पंजाब के लुधियाना निवासी डीसीएम चालक रघुनाथ महादेव इंगोले को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे को 37 अलग-अलग पैकेटों में रखा गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गांजे की खेप लुधियाना पहुंचाने के बदले प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार तस्कर को थाना पीजीआई मे दाखिल कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार :
एसटीएफ के मुताबिक अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी सूचनाओं पर काम कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने पंजाब नंबर की डीसीएम से गांजा लाए जाने की सूचना दी। इसके बाद एसटीएफ टीम ने बीते शुक्रवार की शाम थाना पीजीआई पुलिस के सहयोग से स्थानीय थाना किसान पथ से संदिग्ध एक डीसीएम से अवैध गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार डीसीएम चालक की पहचान रघुनाथ महादेव इंगोले, निवासी ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, वार्ड नंबर 15, जमालपुर अवाना, जिला लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई। तलाशी के दौरान वाहन के पीछे पेपर रोल के बीच दो बोरियां मिलीं। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर उनमें कुल 37 किलोग्राम गांजा मिला।
●ओडिशा के बरगढ़ से लुधियाना तक पहुंचाने का दावा।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लुधियाना निवासी संजीव उर्फ संजय उससे संपर्क करता था। आरोपी के मुताबिक, वह ओडिशा के बरगढ़ में उससे मिलता था और कुछ घंटों के लिए डीसीएम लेकर जाता था। इसके बाद वाहन लौटाकर गांजे की खेप लुधियाना पहुंचाने को कहता था। आरोपी ने बताया कि वह गांजे को टंडारी इंडस्ट्रियल एरिया में बताए गए स्थान पर उतारता था और इस काम के बदले उसे प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इस तरह की गतिविधि में पहले भी दो-तीन बार शामिल होने की बात कही है।
●छह क्विंटल गांजे के साथ पहले भी पकड़ा जा चुका है आरोपी।
एसटीएफ के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2022 में रायबरेली के डलमऊ थाना क्षेत्र में छह क्विंटल गांजे के साथ पकड़े जाने की जानकारी भी दी। पुलिस ने उसके पास से एक कीपैड मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और 1,600 रुपये नकद बरामद किए हैं। डीसीएम पर लदे पेपर रोल से संबंधित बिल्टी और अन्य परिवहन दस्तावेज भी मिले हैं, जबकि वाहन के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने की बात फर्द में दर्ज है।
●एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई, नेटवर्क की जांच।
एसटीएफ ने बरामद गांजे और डीसीएम को कब्जे में लेकर थाना पीजीआई मे दाखिल करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब कथित सप्लायर, गांजे की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
