मऊ :
खड़िया नाले पर अवैध बंधों से फसलों पर संकट,किसानों ने SDM को सौंपा ज्ञापन।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश के मऊ में खड़िया नाले में कथित तौर पर अवैध बंधे बनाए जाने से जल निकासी बाधित होने और किसानों की फसल प्रभावित होने का मामला सामने आया है। रतनपुरा ब्लॉक के गाढ़ा और इटौरा ताल क्षेत्र के किसानों का कहना है कि पानी की निकासी नहीं होने से 22 गांवों की धान की फसल पर संकट मंडरा रहा है। वहीं, खेतों से पानी नहीं निकला तो गेहूं, जौ, मटर, मसूर और सरसों जैसी रबी की फसलों की बुवाई भी प्रभावित हो सकती है।
जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी सदर कुंवर सचिंद्र सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। किसानों ने नाले में मछली पकड़ने के लिए बनाए गए कथित अवैध बंधों को हटाने और पुलिस बल भेजकर जल निकासी बहाल कराने की मांग की। किसानों के मुताबिक, पिछले वर्ष भी जल निकासी बाधित होने से धान की फसल खराब हुई थी और हजारों हेक्टेयर भूमि पर रबी की बुवाई प्रभावित हुई थी। अब किसानों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर फसल बचाने और समय पर बुवाई सुनिश्चित कराने की अपील की है।
