बुधवार, 7 अक्टूबर 2026

मऊ : भाजपा कार्यकर्ताओं ने PM मोदी के 25 साल के जनसेवा सफर को किया याद।||Mau: BJP workers remembered PM Modi's 25 years of public service.||

शेयर करें:
मऊ :  
भाजपा कार्यकर्ताओं ने PM मोदी के 25 साल के जनसेवा सफर को किया याद।
मंत्री ए.के. शर्मा बोले- उनके नेतृत्व में विश्व पटल पर भारत की नई पहचान।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की जनसेवा से राष्ट्रसेवा की यात्रा के अवसर पर बुधवार को गाजीपुर तिराहे पर ‘विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन का जनसैलाब उमड़ा। इस दौरान सेवा ज्योति एवं कलश यात्रा निकालकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया गया।
विस्तार :
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, मधुबन विधायक राम विलास चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘25 वर्ष विशेष, नए संकल्प का श्रीगणेश’ कार्यक्रम और उनके संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
मंत्री ए.के. शर्मा ने उपस्थित लोगों से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनसेवा से राष्ट्रसेवा की 25 वर्ष की यात्रा पूर्ण करने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के समापन पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा की भावना से कार्य करने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के बाद मंत्री ए.के. शर्मा, विधायक राम विलास चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सेवा ज्योति एवं कलश यात्रा निकाली। यात्रा गाजीपुर तिराहे से शुरू होकर बाजार क्षेत्र से गुजरते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, जहां कलशों को विधिवत स्थापित किया गया। यात्रा के दौरान राष्ट्रसेवा के नारों से माहौल गूंज उठा।