रविवार, 11 अक्टूबर 2026

मऊ :दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर घोसी में निकले एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था।||Mau:SP Sarvesh Kumar Mishra visited Ghosi for Durga Puja and Dussehra, patrolling on foot to inspect security arrangements.||

शेयर करें:
मऊ :
दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर घोसी में निकले एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मऊ पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने घोसी कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाजारों और प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर पुलिस की मुस्तैदी परखी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी, प्रभारी निरीक्षक घोसी एवं भारी संख्या में पुलिस बल के साथ कस्बे के विभिन्न इलाकों में पहुंचे। पैदल गश्त के दौरान प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस की सक्रियता पर विशेष जोर दिया गया।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा और दशहरा के मद्देनजर क्षेत्र में लगातार सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखी जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ ड्यूटी निभाएं, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारा बना रहे।