गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026

मऊ :लापरवाही बर्दाश्त नहीं! खराब प्रगति पर तीन निकायों के ईओ को कारण बताओ नोटिस।।||Mau:Negligence will not be tolerated! Show-cause notices issued to the EOs of three municipal bodies for poor progress.||

शेयर करें:
मऊ :
लापरवाही बर्दाश्त नहीं! खराब प्रगति पर तीन निकायों के ईओ को कारण बताओ नोटिस।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : ​मऊ जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नगरीय निकायों के कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, राजस्व वृद्धि और निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
●वंदन योजना में लचर प्रगति पर शिकंजा।
वंदन योजना की समीक्षा के दौरान नगर पंचायत दोहरीघाट, वलिदपुर और मुहम्मदाबाद गोहना की प्रगति अत्यंत खराब पाई गई। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अगले माह तक कार्यों में सुधार नहीं हुआ, तो और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
●​स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष जोर।
एमआरएफ सेंटर के निर्माण की समीक्षा में घोसी नगर पंचायत में कार्य पूर्ण होने के बावजूद आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर केंद्र को तत्काल क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए। जिन निकायों में अदरी, अमिला और दोहरीघाट में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां निजी भूमि क्रय करने की कार्रवाई के आदेश दिए गए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि किसी भी परिस्थिति में सड़क किनारे कूड़ा डंप नहीं किया जाना चाहिए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई होगी।
●​छठ पर्व की तैयारियों और अन्य योजनाओं की समीक्षा।
छठ पर्व के मद्देनजर झील, तालाब और पोखरों के घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना, पीएम आवास योजना (शहरी), कान्हा गौशालाओं के निर्माण, और नगरीय निकायों की आय बढ़ाने के लिए होर्डिंग-बैनर तथा टैक्स वसूली की प्रभावी निगरानी पर भी जोर दिया गया।
​बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, नगर पालिका परिषद मऊ के अधिशासी अधिकारी मणि भूषण तिवारी सहित समस्त अधिशासी अधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।