मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026

मऊ :भाजपा उपाध्यक्ष पर अभद्रता का आरोप, दुर्गा पूजा समिति ने किया चक्का जाम।||Mau:BJP Vice President accused of indecency, Durga Puja Committee stages road blockade.||

शेयर करें:
मऊ :
भाजपा उपाध्यक्ष पर अभद्रता का आरोप,दुर्गा पूजा समिति ने किया चक्का जाम।
माफी के बाद शांत हुआ विवाद; दोबारा शुरू हुआ पूजा कार्यक्रम।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ नगर के बालनिकेतन इलाके में डीजे बजाने को लेकर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात विवाद हो गया। दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने भाजपा उपाध्यक्ष प्रतीक जायसवाल पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पूजा पंडाल की लाइटें बंद कर दी गईं और समिति के सदस्य सड़क पर बैठ गए। करीब रात तीन बजे प्रतीक जायसवाल के मौके पर पहुंचने और माफी मांगने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद पूजा पंडाल में कार्यक्रम दोबारा शुरू हो गया।
विस्तार : 
जानकारी के मुताबिक, डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के दौरान समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि प्रतीक जायसवाल ने डीजे बजाने वाले व्यक्ति के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इससे नाराज समिति के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि भाजपा उपाध्यक्ष मौके पर पहुंचकर माफी मांगें। समिति के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि माफी मिलने तक उनका विरोध जारी रहेगा।
पंडाल की लाइटें बंद कर सड़क पर बैठे सदस्य।
विरोध के दौरान पूजा पंडाल की लाइटें बंद कर दी गईं और सड़क पर चक्का जाम कर दिया गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन समिति के सदस्य अपनी मांग पर अड़े रहे।
माफी के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन।
बताया गया कि रात करीब तीन बजे भाजपा उपाध्यक्ष प्रतीक जायसवाल मौके पर पहुंचे। समिति के सदस्यों के सामने माफी मांगने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद इलाके में स्थिति सामान्य हुई और पूजा पंडाल में धार्मिक कार्यक्रम फिर से शुरू हो गया।
पुलिस के हस्तक्षेप और दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद मामला शांत हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में आवागमन बहाल हो गया।