रविवार, 11 अक्टूबर 2026

मऊ : बाबा के ब्रह्मभोज की तैयारियों के बीच एक्सीडेंट मे दो सगे भाई घायल, परिवार पर टूटा दु:खो का पहाड़।।||Mau:Amidst preparations for Baba's Brahmabhoj,Two brothers were injured in an accident, leaving the family in grief.

शेयर करें:
मऊ : 
बाबा के ब्रह्मभोज की तैयारियों के बीच 
एक्सीडेंट मे दो सगे भाई घायल,परिवार पर टूटा दु:खो का पहाड़।।
बेकाबू डंपर ने दो सगे भाइयों को रौंदा, बड़े भाई का हाथ कटकर अलग,दोनो की हालत नाजुक।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजोपुर में रविवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को रौंद दिया। भीषण हादसे में बड़े भाई सौरभ राम (22) का दाहिना हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया, जबकि छोटा भाई आर्यन (17) गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया। दोनो की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार :
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बढ़ुआ गोदाम गांव निवासी सौरभ राम रविवार सुबह करीब नौ बजे अपने छोटे भाई आर्यन के साथ बाइक से बकवल स्थित एचपी गैस गोदाम पर सिलेंडर भरवाने जा रहे थे। ताजोपुर स्थित सिंधी कुटी के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में सौरभ का दाहिना हाथ कटकर अलग हो गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
डंपर छोड़कर भागा चालक, वाराणसी रेफर हुए दोनों भाई।
दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए।
●बाबा के ब्रह्मभोज की तैयारी के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।
इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों के मुताबिक, सौरभ के बाबा सर्वजीत राम का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। आगामी 17 अक्टूबर को उनका ब्रह्मभोज होना था और घर में तैयारियां चल रही थीं। परिवार अभी बाबा के निधन के दुख से उबर भी नहीं पाया था कि दोनों बेटों के साथ हुए भीषण हादसे ने उसे झकझोर दिया।
सौरभ के पिता रवि दुबई में रहते हैं। परिवार में मृत्यु की सूचना मिलने के बाद वह घर आए थे। हादसे में बड़े बेटे का हाथ कटने और दोनों बेटों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से मां नीलम समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में ब्रह्मभोज की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब दोनों बेटों की सलामती के लिए दुआएं की जा रही है।
थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को थाने लाया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।