रविवार, 11 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के भंगेल में इंडियन बैंक के एटीएम में लगी आग, इलाके में मचा हड़कंप!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के भंगेल में इंडियन बैंक के एटीएम में लगी आग, इलाके में मचा हड़कंप!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू, कोई जनहानि नहीं

दो टूक//नोएडा, 11 अक्टूबर 2026। नोएडा के भंगेल में भंगेल पुलिस चौकी के पीछे स्थित इंडियन बैंक के एटीएम में रविवार दोपहर करीब 3:20 बजे आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। एटीएम में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, थाना फेस-2 क्षेत्र के अंतर्गत भंगेल स्थित इंडियन बैंक के एटीएम में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर काबू पा लिया गया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

घटना के बाद आसपास के इलाके में हलचल मच गई। बैंक और एटीएम में आग लगने की सूचना से स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते दमकल विभाग की टीम के पहुंचने और आग बुझाने से किसी की जान जाने की सूचना नहीं है।

इस संबंध में गौतमबुद्धनगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि थाना फेस-2 क्षेत्र के भंगेल स्थित बैंक के एटीएम में आग लगने की सूचना मिलने पर फायर सर्विस यूनिट ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह बुझा दिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

फिलहाल आग लगने के कारण और उससे हुए संभावित नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।।