मऊ :
तमसा नदी में युवक ने लगाई छलांग, तलाश में जुटी पुलिस और एनडीआरएफ टीम।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के पट्टी गांव निवासी 18 वर्षीय आकाश गोंड ने रविवार दोपहर अज्ञात कारणों से तमसा नदी के पुल से छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नाव के जरिए युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार आकाश रविवार दोपहर साइकिल से तमसा नदी के पुल पर पहुंचा। उसने पुल पर अपनी साइकिल खड़ी की और अचानक नदी में छलांग लगा दी। पुल से गुजर रहे लोगों ने युवक को नदी में कूदते देखा तो शोर मचाते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वलीदपुर चौकी प्रभारी नूरआलम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों की मदद से नाव के जरिए नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद आकाश का पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, शाम तक एनडीआरएफ की टीम भी तमसा नदी तट पर पहुंच गई और युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम लगातार तलाश में जुटी हुई थी।
