शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026

मऊ : पीईटी परीक्षा को लेकर अलर्ट रहा मऊ प्रशासन।||Mau: The Mau administration remained alert regarding the PET exam.||

शेयर करें:
मऊ : 
पीईटी परीक्षा को लेकर अलर्ट रहा मऊ प्रशासन।
डीएम और एसपी ने कंट्रोल रूम और सीसीटीवी व्यवस्था का लिया जायजा।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक :  यूपी ट्रिपल एससी की पीईटी-2026 लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शुक्रवार को जिलाधिकारी आनन्द वर्धन और पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम और सीसीटीवी निगरानी कक्ष का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा की व्यवस्थाओं को परखा और केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी निर्धारित केंद्रों, मुख्य प्रवेश द्वारों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था सामने आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
वहीं, परीक्षा के दौरान पेपर लीक, ऑनलाइन धोखाधड़ी और अफवाह फैलाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए साइबर पुलिस टीम तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक और फर्जी खबरें प्रसारित करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद पुलिस ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे अनुशासन और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें तथा परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।