लखनऊ :
आम की बाग में फंदे से लटका मिला ई-रिक्शा चालक का शव, गांव में मचा हड़कंप।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के बीकेटी थाना क्षेत्र के ग्राम वीरमपुर मजरा शिवपुरी में एक 35 वर्षीय ई-रिक्शा चालक का शव गांव के बाहर आम की बाग में पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजन उर्फ रजनू लोध पुत्र स्वर्गीय लासा दीन लोध के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक, राजन उर्फ रजनू का शव उसके घर से करीब 600 मीटर दूर स्थित गांव की आम की बाग में आम के पेड़ से रस्सी के फंदे के सहारे लटका मिला। सूचना मिलते ही बीकेटी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस शव को नीचे उतरवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी रही।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में दो बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।।
