लखनऊ :
गोरखपुर दीपक गुप्ता हत्याकांड में बड़ा एक्शन: पशु तस्कर जैद रामपुर से गिरफ्तार।
गोरखपुर में स्कूटी से गिराकर किया था अपहरण,हत्या।
दो टूक : उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में पशु तस्करी का विरोध करने पर दीपक गुप्ता की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी जैद अली उर्फ जैद कुरैशी को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने रामपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पशु तस्करी करने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, वह गोवंशीय पशुओं की तस्करी के लिए सेकेंड हैंड पिकअप वाहनों की व्यवस्था करता था।
विस्तार :
एसटीएफ के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रामपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित घेर मर्दान खां मोहल्ले में कार्रवाई कर आरोपी जैद को गिरफ्तार किया। आरोपी इसी मोहल्ले का निवासी है। वह गोरखपुर के पिपराइच थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 705/2025 में वांछित चल रहा था। मामले की विवेचना निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह कर रहे थे।
●स्कूटी से गिराकर किया था अपहरण, फिर हत्या।
एसटीएफ के मुताबिक, 15 और 16 सितंबर 2025 की दरमियानी रात पशु तस्करों ने दीपक गुप्ता की स्कूटी को पिकअप से टक्कर मारकर गिरा दिया था। इसके बाद दीपक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई और जबरन पिकअप में बैठाकर ले जाया गया। आरोप है कि कुछ दूर ले जाने के बाद मेडिकल कॉलेज रोड पर उसकी हत्या कर शव फेंक दिया गया था। इस मामले में दर्ज मुकदमे जैद फरार चल रहा था।
●बिहार तक फैला था तस्करी का नेटवर्क।
पूछताछ में एसटीएफ को मिली जानकारी के अनुसार, जैद गोवध के लिए गोवंशीय पशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह से जुड़ा था। गिरो_ह के सदस्यों के बीच अलग-अलग जिम्मेदारियां बंटी हुई थीं। जैद का मुख्य काम तस्करी के लिए सेकेंड हैंड पिकअप खरीदने और उनकी व्यवस्था करने का था, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य इन वाहनों से पशुओं की अवैध ढुलाई करते थे।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी बिहार के गोपालगंज और सिवान जिलों में गिरोह से जुड़े लोगों के संपर्क में रहता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि गोरखपुर में पशु तस्करी के दौरान कुछ लोगों द्वारा रोक-टोक किए जाने से गिरोह के सदस्य नाराज थे। इसी के बाद विरोध करने वालों को सबक सिखाने की आपराधिक योजना बनाई गई। आरोप है कि इसी घटनाक्रम के दौरान दीपक गुप्ता का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई।
●पहले भी गिरफ्तार हुआ था एक आरोपी।
एसटीएफ के मुताबिक, इस घटना के संबंध में 8 अप्रैल 2026 को बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा क्षेत्र से शिवम तिवारी को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताई गई सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप (नंबर UP57BT3599) बरामद की गई थी।
●आरोपी का आपराधिक इतिहास।
एसटीएफ के अनुसार, जैद का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ रामपुर जिले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, धोखाधड़ी एवं कूटरचना, गैंगस्टर एक्ट तथा मारपीट और अन्य आरोपों से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसका हिस्ट्रीशीट नंबर 9B बताया गया है।
गोरखपुर के पिपराइच थाने में दर्ज मुकदमे में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई संबंधित पुलिस द्वारा की जाएगी।
