शनिवार, 31 अक्टूबर 2026

लखनऊ :डम्पर ने बाइक सवार परिवार को रौंदा,दम्पत्ति की मौत;बेटा लड़ रहा जंग।||Lucknow:A dumper crushed a family riding a bike, killing the couple; the son is fighting.||

शेयर करें:
लखनऊ :
डम्पर ने बाइक सवार परिवार को रौंदा,दम्पत्ति की मौत;बेटा लड़ रहा जंग।।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार डम्पर की टक्कर ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। गोपालखेड़ा पुल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार बाराबंकी के गढ़ी छतेना निवासी वासुदेव (58) गुरुवार सुबह पत्नी विमला और बेटे आदित्य शर्मा के साथ बाइक से रायबरेली के बछरावां जा रहे थे। उन्हें अपने बहनोई के अंतिम संस्कार में शामिल होना था। इसी दौरान गोपालखेड़ा पुल के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डम्पर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वासुदेव और उनकी पत्नी डम्पर के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बेटा आदित्य बाइक समेत सड़क के दूसरी ओर जा गिरा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को एम्बुलेंस से पीजीआई के ट्रामा सेंटर-2 पहुंचाया।
शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान वासुदेव और विमला ने दम तोड़ दिया। बेटे का उपचार जारी है। पुलिस ने दम्पत्ति के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के मुताबिक दुर्घटना में शामिल डम्पर को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।