लखनऊ :
संविदाकर्मी की मौत मामले में अधिशासी अभियंता समेत चार पर FIR दर्ज।।
◆पत्नी की तहरीर पर जेई, एसडीओ और अधिशासी अभियंता भी नामजद।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में शटडाउन के बावजूद 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में करंट दौड़ने से संविदाकर्मी राजेश कुमार (44) की मौत के मामले में बिजली विभाग के चार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक की पत्नी ज्ञानवती की तहरीर पर पुलिस ने जेई, एसडीओ, अधिशासी अभियंता और एसएसओ को नामजद करते हुए जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
लखनऊ मोहनलालगंज क्षेत्र के भावाखेड़ा निवासी राजेश कुमार गुरुवार को मोहनलालगंज कस्बे में 11 हजार वोल्ट की लाइन पर मरम्मत कार्य कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने काम शुरू करने से पहले बाकायदा शटडाउन लिया था, लेकिन आरोप है कि एसएसओ ने बिना सुरक्षा सुनिश्चित किए बिजली आपूर्ति दोबारा चालू कर दी। इससे खंभे पर काम कर रहे राजेश करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद बिजली विभाग की कथित लापरवाही से नाराज परिजनों ने सीएचसी मोहनलालगंज में जमकर विरोध जताया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने तक शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसीपी आरके सिंह और प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
आखिरकार एसीपी के निर्देश पर मृतक की पत्नी से तहरीर लेकर पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद परिजन शांत हुए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी ज्ञानवती, तीन बेटों और विवाहित बेटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में ही मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
◆इस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर जेई, एसडीओ, अधिशासी अभियंता और एसएसओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
