सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

लखनऊ : युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार।।Lucknow: Man attacked with a knife in a life-threatening assault; accused arrested.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार।।
दो टूक : लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बालागंज में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान आदित्य राज सिंह उर्फ राजा (19) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
विस्तार : 
पुलिस के अनुसार, बरौरा हुसैनबाड़ी, बालागंज निवासी बानो पत्नी मोहम्मद बिलाल ने 10 अक्टूबर 2026 को थाना ठाकुरगंज में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा मोहम्मद शमीम मोहल्ले में मरी माता मंदिर के पास स्थित कायम क्लीनिक पर दवा लेने गया था। इसी दौरान राजा नामक युवक उससे गाली-गलौज करने लगा। शमीम ने विरोध किया तो आरोपी ने चाकू निकालकर उसके पेट में दो स्थानों और हाथ पर वार कर दिया। हमले में घायल युवक को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर ठाकुरगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 656/2026 दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, अन्य साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 12 अक्टूबर को बरी रोड स्थित हरिनगर, मूसाबाग के पास से आरोपी आदित्य राज सिंह उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।
पुलिस ने विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(2) को धारा 109(1) में तरमीम किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में वर्ष 2024, 2025 और 2026 के पूर्व के मुकदमे भी दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम: उपनिरीक्षक मनुज कुमार, चौकी प्रभारी बालागंज; उपनिरीक्षक महेश चन्द्र यादव; कांस्टेबल घनश्याम और कांस्टेबल कुलदीप कुशवाहा शामिल रहे।