लखनऊ :
कूटरचित शपथ-पत्र मामले में समिति के अध्यक्ष मो.ताहिर गिरफ्तार।।
●सचिव को पद से हटाने और समिति की सूची में बदलाव कराने का आरोप।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के गुडम्बा थाना क्षेत्र में प्रबंधन समिति के कथित कूटरचित शपथ-पत्र और दस्तावेज प्रस्तुत करने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त मो. ताहिर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि समिति के अध्यक्ष मो. ताहिर ने सदस्य आफाक अहमद के हस्ताक्षर कथित रूप से कूटरचित कर शपथ-पत्र तैयार कराया और उसे डिप्टी रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, लखनऊ के कार्यालय में प्रस्तुत किया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक स्थानीय थाना गुडम्बा क्षेत्र अमन सिटी कॉलोनी निवासी अरमान पुत्र नबी अहमद ने 9 अक्टूबर 2026 को गुडम्बा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मु0अ0सं0 391/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि 28 मार्च 2026 को तैयार शपथ-पत्र पर समिति के सदस्य आफाक अहमद के हस्ताक्षर कूटरचित किए गए। इसके जरिए समिति के सचिव अरमान को पद से हटाने और समिति की सूची में बदलाव कराने का प्रयास किया गया।
विवेचना के दौरान उपलब्ध अभिलेखों, गवाहों के बयानों और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने अभियुक्त की गिरफ्तारी आवश्यक मानी। इसके बाद 26 अक्टूबर को उपनिरीक्षक संदीप सिंह गौर ने पुलिस टीम के साथ कुर्सी रोड स्थित इंटीग्रल विश्वविद्यालय के निकट अमन सिटी कॉलोनी में दबिश दी। पुलिस के अनुसार, मो. ताहिर अपने घर पर मौजूद मिला, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आईं अहम बातें
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने समिति के सचिव अरमान को समिति से हटाने के उद्देश्य से कार्रवाई करने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आफाक अहमद के हस्ताक्षर कूटरचित होने का मामला भी सामने आया है। प्रकरण में पुलिस की अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक संदीप सिंह गौर, उपनिरीक्षक अतीश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल भोलेनाथ राय, कांस्टेबल विवेक सिंह, कांस्टेबल रवि राणा और महिला कांस्टेबल सुमन शामिल रहे।
