लखनऊ :
भाई-भाभी गए बाजार घर से चुराए जेवरात,हुआ गिरफ्तार।।
●पुलिस ने 12 घंटे के भीतर चोरी का किया खुलासा।
दो टूक : राजधानी के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में घर से जेवर चोरी के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी अमन राजपूत उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के आभूषण और 520 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये है।
विस्तार :
कृष्णानगर के कनौसी निवासी कुसुम राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 अक्टूबर को उनके घर से अज्ञात चोर ने आभूषण चोरी कर लिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 26 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू की। चोरी के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीमों ने तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए 26 अक्टूबर को अमन राजपूत उर्फ भोला (25) निवासी कनौसी, कृष्णानगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह नशे का आदी है और पैसों की जरूरत के चलते उसने अपने भाई के घर से आभूषण चोरी किए थे। वह चोरी के जेवर बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु के दो झुमके, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, सफेद धातु का एक सिक्का और 520 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(3), 305(ए) और 317(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में भी कृष्णानगर थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने से संबंधित मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहाँ से जेल भेज दिया गया।
