बुधवार, 28 अक्टूबर 2026

गोण्डा : पशु चोर गिरोह का भंडाफोड़,चार गिरफ्तार,छह चोरी की भैंसें बरामद।||Gonda: Cattle theft gang busted, four arrested, six stolen buffaloes recovered.||

शेयर करें:
गोण्डा : 
पशु चोर गिरोह का भंडाफोड़,चार गिरफ्तार,छह चोरी की भैंसें बरामद।।
।।संवाददाता – वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : गोंडा जनपद के कोतवाली करनैलगंज में पशु चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करनैलगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान छह चोरी की भैंसें, एक पिकअप, दो मोटरसाइकिलें और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस का दावा है कि गिरोह की गिरफ्तारी से करनैलगंज, परसपुर, कोतवाली देहात और खरगूपुर थाना क्षेत्रों में हुई पशु चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
विस्तार : 
पुलिस के अनुसार 27 अक्टूबर की रात स्थानीय थाना करनैलगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर नकहरा चौराहे के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर पिकअप चालक समेत कुछ लोग भाग निकले, जबकि चार आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया। पिकअप से चार भैंसें बरामद हुईं। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर जरवल कस्बे के पास कटी नाला स्थित आम की बाग की झाड़ियों से दो अन्य भैंसें भी बरामद की गईं।
●दिन में रेकी, रात में वारदात; बाजारों में बेचते थे पशु।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गिरोह के सदस्य दिन में गांवों में घूमकर पशुओं को बांधने के स्थानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में भैंसें चोरी कर झाड़ियों में छिपा देते और मौका मिलने पर पिकअप से पशु बाजारों में ले जाकर बेच देते थे। बिक्री से मिली रकम आपस में बांट लेते थे।
●चार चोरी की घटनाओं से जुड़ा मामला।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को करनैलगंज के घरकुइया गांव से दो भैंसें, 22 अक्टूबर को परसपुर के शाहपुर गांव से दो भैंसें, 12 सितंबर को रथवलिया गांव से एक भैंस व एक पड़िया तथा 26 सितंबर को खरगूपुर के असिधा गांव से एक भैंस चोरी किए जाने की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
●बाराबंकी और सीतापुर के रहने वाले हैं आरोपी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद बाबू और फुरकान निवासी बाराबंकी, गौतम निवासी सीतापुर तथा दूबेराज उर्फ लक्ष्मण निवासी बाराबंकी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
●सक्षम पुलिस अधिकारी के द्वारा दी गई जानकारी।