गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में संदिग्ध परिस्थितियों में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, पति-पत्नी और तीन मासूम बच्चों की गई जान!!
रबूपुरा के नगला श्रीपदम गांव की घटना, रात में नूडल्स खाने की बात आई सामने; फूड पॉइजनिंग की आशंका, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी स्पष्ट
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीपदम गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। एक साथ पांच लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस, फूड सेफ्टी विभाग और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (7) और सबसे छोटे बेटे साक्षात के रूप में हुई है। पुलिस की ओर से जारी जानकारी में साक्षात की उम्र तीन वर्ष बताई गई है। फिलहाल पांचों की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
रात में नूडल्स खाने की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से मिली जानकारी में सामने आया है कि परिवार ने रात में नूडल्स खाए थे। इसके बाद परिवार के पांचों सदस्यों की मौत हो गई। इस घटनाक्रम के आधार पर प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके से जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, वहीं फूड सेफ्टी विभाग की टीम भी जांच में जुटी है। पांचों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल मौतों के पीछे किसी एक कारण की पुष्टि नहीं की जा सकती। भोजन से संबंधित तथ्यों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का विश्लेषण किया जाएगा। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगला श्रीपदम गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों, खासकर तीन मासूम बच्चों की मौत से हर कोई स्तब्ध है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस दर्दनाक घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था।।
