गोण्डा- इटियाथोक ब्लाक क्षेत्र के अयाह गांव स्थित मात कोटरा मंदिर परिसर में सोमवार की बीती रात रामलीला का भव्य शुभारंभ हुआ। मंचन कार्यक्रम से पूर्व समाजसेवियों और संभ्रांतजनों ने फीता काटकर एवं आरती के साथ इसकी औपचारिक शुरुवात कराई। इस धार्मिक आयोजन से रात्रि में गांव सहित पूरा क्षेत्र जय श्री राम और जय माता दी के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। प्रथम दिवस नारद मोह और रावण तप का मंचन किया गया। आयोजक मंडल ने बताया कि इस बार यहां रामलीला का चौथा साल है जबकि इसी मंदिर पर दुर्गा पूजा का यह चौदहवां साल है। मंचन कार्यक्रम में सभी पात्र और वादक इसी गांव के हैं और कार्यक्रम जनसहयोग से हो रहा है। रामलीला मंडली द्वारा प्रस्तुत इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और परंपरा का संरक्षण करना है।
आयोजक मंडल ने बताया कि अंतिम दिवस 20 अक्टूबर को दिन में एक बजे से अयाह गन्ना तौल केंद्र पर विशाल मेला लगेगा और यहां रावण दहन होगा, तत्पश्चात रात्रि में मंदिर परिसर के मंच पर राजतिलक का कार्यक्रम दिखाया जाएगा।।
