रविवार, 11 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: जेवर में इमरान हत्याकांड का खुलासा: ताऊ की हत्या की रंजिश में गोली मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जेवर में इमरान हत्याकांड का खुलासा: ताऊ की हत्या की रंजिश में गोली मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

वर्ष 2021 में ताऊ की हत्या के मामले को लेकर थी रंजिश, चांचली नहर पुलिया के पास से पुलिस ने दोनों वांछित आरोपियों को दबोचा

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना क्षेत्र में इमरान हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने वर्ष 2021 में अपने ताऊ की हत्या के मामले को लेकर पुरानी रंजिश होने की बात बताई है। इसी रंजिश के चलते इमरान की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2026 को वादी ने थाना जेवर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि जान मोहम्मद और इदरीश ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते उसके भाई इमरान (करीब 36 वर्ष) को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर थाना जेवर में मुकदमा अपराध संख्या 332/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की गई।

चांचली नहर पुलिया के पास से दोनों गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 11 अक्टूबर 2026 को थाना जेवर पुलिस ने स्थानीय खुफिया सूचना और बीट पुलिसिंग की सहायता से कार्रवाई करते हुए दोनों वांछित आरोपियों को चांचली नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जान मोहम्मद उर्फ जानू पुत्र यूनुस, निवासी मोहल्ला व्यापारियान, कस्बा जहांगीरपुर, थाना जेवर तथा इदरीश पुत्र सब्बीर, निवासी ग्राम चांचली, थाना जेवर, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

वर्ष 2021 में ताऊ की हत्या को लेकर थी रंजिश

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2021 में उनके ताऊ की हत्या हुई थी। आरोपियों का कहना है कि उस मामले में मृतक इमरान भी शामिल था। इसी बात को लेकर उनके मन में रंजिश थी और इसी रंजिश के चलते उन्होंने इमरान की हत्या की।

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही, वारदात में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े और तथ्य सामने आ सकते हैं।

पंजीकृत मुकदमा: थाना जेवर में मुकदमा अपराध संख्या 332/2026 के तहत बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 103(1), 3(5) और 61(2) में अभियोग दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।।