सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. राम मनोहर लोहिया को दी श्रद्धांजलि, समाजवाद और सामाजिक न्याय के विचारों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. राम मनोहर लोहिया को दी श्रद्धांजलि, समाजवाद और सामाजिक न्याय के विचारों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

भंगेल में आयोजित विचार गोष्ठी में लोहिया के विचारों पर हुई चर्चा, समान शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक समानता पर दिया जोर

दो टूक//नोएडा, 12 अक्टूबर 2026। समाजवादी विचारधारा के प्रखर चिंतक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं समाजवादी आंदोलन के प्रमुख स्तंभ डॉ. राम मनोहर लोहिया की 59वीं पुण्यतिथि पर नोएडा के सेक्टर-102 स्थित भंगेल में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सपा नोएडा महानगर के पूर्व महासचिव एवं प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे तथा महानगर उपाध्यक्ष मनोज गोयल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डॉ. लोहिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें वक्ताओं ने डॉ. लोहिया के व्यक्तित्व, कृतित्व और समाजवादी विचारधारा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा नोएडा महानगर के पूर्व महासचिव एवं प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया हमेशा राजनीतिक शुचिता, सामाजिक न्याय और समानता के प्रबल पक्षधर रहे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के कमजोर, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बिताया। डॉ. लोहिया का मानना था कि जब तक देश में गरीबी और अमीरी के बीच की खाई को कम नहीं किया जाएगा, तब तक वास्तविक और समावेशी विकास की कल्पना पूरी नहीं हो सकती।

राघवेंद्र दुबे ने कहा कि डॉ. लोहिया समान शिक्षा व्यवस्था के भी प्रबल समर्थक थे। उनका मानना था कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के शिक्षा और विकास के समान अवसर मिलने चाहिए। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और सामाजिक असमानता, आर्थिक विषमता तथा अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने और डॉ. लोहिया के सपनों का समाज बनाने के लिए सभी को उनके बताए मार्ग पर चलना होगा।

इस अवसर पर सपा नोएडा महानगर के उपाध्यक्ष मनोज गोयल ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के निर्भीक सेनानी और समाजवादी आंदोलन के प्रमुख विचारक थे। उन्होंने सामाजिक असमानता, जातिगत भेदभाव और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई तथा एक ऐसे समाज की परिकल्पना की, जहां हर व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान मिले।

मनोज गोयल ने कहा कि डॉ. लोहिया द्वारा प्रतिपादित सप्तक्रांति का सिद्धांत सामाजिक परिवर्तन और समानता की दिशा में महत्वपूर्ण विचारधारा है। उनके विचारों में महिला-पुरुष समानता, जातिगत भेदभाव का अंत, आर्थिक विषमता को दूर करना और समाज के प्रत्येक वर्ग को न्याय दिलाना प्रमुख रूप से शामिल रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया के विचार आज भी युवाओं को सामाजिक और राजनीतिक बदलाव के लिए प्रेरित करते हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय, समानता तथा समाजवादी मूल्यों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अरविंद गर्ग, रामकिशन मित्तल, सौरभ जिंदल, राजीव गुप्ता, सुबोध गोयल, कृष्णकांत, आयुष गर्ग, प्रमोद सिंघल, मोहित, प्रशांत गोयल, रेशमपाल सिंह सहित समाजवादी पार्टी के अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।।