गौतमबुद्धनगर: नंगली वाजिदपुर में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से मिलेगी निजात, सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू!!
ग्राम विकास संगठन के प्रयासों से शुरू हुआ काम, सेक्टर-130 के निवासियों को भी गंदगी और बदबू से राहत मिलने की उम्मीद
दो टूक//नोएडा। गांव नंगली वाजिदपुर और सेक्टर-130 में लंबे समय से चली आ रही सीवर ओवरफ्लो की समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाया गया है। ग्राम विकास संगठन नोएडा के निरंतर प्रयासों के बाद गांव नंगली वाजिदपुर में सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू हो गया है। ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान ने नारियल तोड़कर कार्य का शुभारंभ किया। सीवर लाइन बिछने से क्षेत्र के निवासियों को सीवर के गंदे पानी, दुर्गंध और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि गांव नंगली वाजिदपुर, सेक्टर-135 और सेक्टर-130 के कुछ हिस्सों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या के कारण लोग लंबे समय से परेशान थे। सीवर का गंदा पानी सड़कों पर फैलने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वहीं, दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी होती थी।
उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्राम विकास संगठन नोएडा की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। संगठन के पदाधिकारियों ने नोएडा प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों को नोएडा दिवस, ग्राम चौपाल और पत्राचार के माध्यम से समस्या से अवगत कराया था। संगठन की ओर से लगातार इस मुद्दे को उठाया गया, जिसके बाद अब गांव नंगली वाजिदपुर में सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू हो सका है।
अशोक चौहान के अनुसार, गांव में बारातघर के पास 45 मीटर चौड़ी सड़क पर सीवर लाइन बिछाई जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि कार्य पूरा होने के बाद गांव नंगली वाजिदपुर और सेक्टर-130 के प्रभावित हिस्सों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या का समाधान करने में मदद मिलेगी। इससे स्थानीय निवासियों को सीवर की बदबू और गंदे पानी के बीच से गुजरने की मजबूरी से राहत मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना और स्थानीय निवासियों की समस्याओं का समाधान कराना ग्राम विकास संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। संगठन आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाता रहेगा, ताकि लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।
ये रहे मौजूद
सीवर लाइन के कार्य के शुभारंभ के अवसर पर जल विभाग के जेई दयानंद उपाध्याय, कुलवीर, ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान और सतेन्द्र चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।।
